श्रद्धालुओं की सुरक्षा व त्वरित राहत एसडीआरएफ की सर्वोच्च प्राथमिकता। अर्पण यदुवंशी (चारधाम यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए केदारनाथ धाम व पैदल मार्गों पर ग्राउंड जीरो निरीक्षण, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन रिस्पॉन्स पर विशेष जोर)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यात्रा के सुव्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर केदारनाथ धाम एवं पैदल यात्रा मार्गों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सेनानायक ने भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन रिस्पॉन्स प्रणाली, सुरक्षा एवं राहत व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने ड्यूटी में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों से संवाद कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा एटीसी टीम के साथ समन्वय को और सुदृढ़ करने पर चर्चा की।
सेनानायक ने केदारनाथ में स्थापित एसडीआरएफ पोस्टों का भ्रमण कर कार्मिकों की सुविधाओं का जायजा लिया और उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों को सम्मानित किया। इसके साथ ही धाम परिसर स्थित अस्पताल में चिकित्सकों से मुलाकात कर हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इसके उपरांत वह पैदल मार्ग से होते हुए लिनचोली पहुंचे, जहां एसडीआरएफ टीम और मेडिकल फर्स्ट रेस्पॉन्डर पोस्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान सांस लेने में तकलीफ झेल रही एक बुजुर्ग महिला श्रद्धालु को तत्काल ऑक्सीजन उपलब्ध कराकर राहत पहुंचाई गई।
यात्रा मार्ग में सेनानायक ने श्रद्धालुओं से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और सुरक्षित यात्रा से संबंधित आवश्यक जानकारियां साझा कीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, त्वरित सहायता और प्रभावी आपदा प्रबंधन एसडीआरएफ की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



