सुस्वा नदी के कटान से मिलेगी बड़ी राहत, 4.97 करोड़ की लागत से बन रहा मजबूत सुरक्षा पुस्ता (650 मीटर लंबा व 4.50 मीटर ऊंचा तटबंध, आपदा मद से सिंचाई विभाग करा रहा निर्माण)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
सुस्वा नदी के किनारे बसे ग्रामीणों को हर साल बरसात के मौसम में कटान और बाढ़ के खतरे का सामना करना पड़ता था। इस समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए सुस्वा नदी पर सुरक्षा पुस्ता (तटबंध) निर्माण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। 4 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह पुस्ता कुल(470+180) 650 मीटर लंबा और 4.50 मीटर ऊंचा होगा। निर्माण कार्य आपदा मद से सिंचाई विभाग द्वारा कराया जा रहा है।
गत वर्ष बरसात के दौरान सुस्वा नदी में जलस्तर बढ़ने से तेज कटान हुआ था, जिससे आसपास के इलाकों में कई मकानों और कृषि भूमि को खतरा उत्पन्न हो गया था। हालात की गंभीरता को देखते हुए शासन स्तर पर त्वरित निर्णय लेते हुए पुस्ता निर्माण को स्वीकृति दी गई।
डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि यह पुस्ता क्षेत्रवासियों की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने समय पर स्वीकृति और बजट उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इससे भविष्य में कटान की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण होगा।
वार्ड सभासद रियासत अली ने कहा कि लंबे समय से स्थानीय लोग नदी के कटान से परेशान थे और अब पुस्ता निर्माण से लोगों को अपने घर और जमीन सुरक्षित होने का भरोसा मिला है।
अपर सहायक अभियंता प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि विभागीय ठेकेदार को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं और कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार कराया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने पुस्ता निर्माण कार्य शुरू होने पर संतोष जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि आगामी मानसून से पहले कार्य पूरा होने पर सुस्वा नदी से होने वाले नुकसान पर प्रभावी नियंत्रण हो सकेगा। इस दौरान अनीस अहमद, अब्दुल रज्जाक, अली जान, समीर खान सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।



