स्मार्ट मीटर और गन्ना बकाया भुगतान को लेकर किसानों का जोरदार प्रदर्शन, (अखिल भारतीय किसान सभा के नेतृत्व में तहसील मुख्यालय पर धरना, उप जिलाधिकारी के माध्यम से गन्ना मंत्री को भेजा ज्ञापन)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
विद्युत उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध और गन्ना मूल्य के बकाया भुगतान की मांग को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा के नेतृत्व में किसानों व स्थानीय नागरिकों ने तहसील मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद उप जिलाधिकारी के माध्यम से गन्ना मंत्री को ज्ञापन भेजकर दोनों मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।
किसान सभा के जिला अध्यक्ष दलजीत सिंह ने कहा कि डोईवाला क्षेत्र में पहले से लगे डिजिटल मीटर सही रीडिंग दे रहे हैं और उपभोक्ता समय पर भुगतान भी कर रहे हैं। इसके बावजूद स्मार्ट मीटर थोपकर कॉर्पोरेट कंपनियों को लाभ पहुंचाने की कोशिश की जा रही है, जो जनता के हितों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में स्मार्ट मीटरों का व्यापक विरोध हो रहा है और उत्तराखंड में भी इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा।
संयुक्त किसान मोर्चा के संयोजक ताजेन्द्र सिंह ने कहा कि गन्ना पेराई सत्र समाप्त हुए तीन माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन किसानों को अब तक पूरा भुगतान नहीं मिला है। बढ़ती महंगाई और खेती की बढ़ती लागत के बीच भुगतान न होने से किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने सरकार से गन्ने का बकाया भुगतान शीघ्र कराने की मांग की।
कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के प्रदेश सचिव राजेंद्र पुरोहित ने कहा कि सरकार और गन्ना मिलों की लापरवाही के कारण किसान लगातार परेशान हैं। समय पर भुगतान न मिलने से फसलों की बुवाई और अन्य जरूरी खर्च प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से किसानों का गन्ना बकाया तुरंत दिलाने और कृषि विभाग द्वारा खाद पर लगाई गई लिमिट को वापस लेने की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और बिजली विभाग ने जनता की मर्जी के खिलाफ जबरदस्ती स्मार्ट मीटर लगाए तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऊर्जा प्रदेश होने के बावजूद उत्तराखंड सरकार सस्ती बिजली उपलब्ध कराने में विफल रही है और जनविरोधी नीतियों से आम उपभोक्ता व किसान परेशान हैं।
प्रदर्शन में किसान सभा के मंडल अध्यक्ष बलवीर सिंह, मंडल सचिव याकूब अली, मंडल उपाध्यक्ष जाहिद अंजुम, कांग्रेस नेता करतार सिंह नेगी सहित अनूप कुमार पाल, सरजीत सिंह, मोहम्मद असलम, प्रेम सिंह पाल, जसवीर सिंह, राशिद अली, करनैल सिंह, रिजवान अली, शुभम कंबोज, प्रदीप कुमार, गुरचरण सिंह, जगजीत सिंह, सरदार हरबंस सिंह, नरेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



