(15 जून को जौली ग्रांट एयरपोर्ट पर मनाया जाएगा यात्री सुविधा दिवस–2026)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
हवाई अड्डों पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और नागरिक उड्डयन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 15 जून 2026 को “यात्री सुविधा दिवस–2026” मनाया जाएगा। इसी क्रम में जौली ग्रांट हवाई अड्डे पर यात्रियों और विभिन्न एजेंसियों की सहभागिता से यात्री-केंद्रित कार्यक्रम आयोजित होंगे।
कार्यक्रम के तहत चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों का पारंपरिक स्वागत किया जाएगा। सिटी साइड क्षेत्र में “वंदे मातरम्” के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। यात्रियों और हवाई अड्डे से जुड़े कर्मियों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, योग सत्र और रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनका लाभ टैक्सी चालक, लोडर, हाउसकीपिंग और संविदा कर्मियों को मिलेगा।
हवाई अड्डे पर बेहतर स्वच्छता और यात्री सुविधाओं में योगदान देने वाले स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही स्वच्छता एवं सुरक्षा कर्मियों के लिए व्यवहारिक कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
पर्यावरण संरक्षण के तहत पौधारोपण और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान चलाया जाएगा। यात्रियों से फीडबैक लेकर सेवाओं में सुधार किया जाएगा तथा डिजीयात्रा सुविधा के प्रचार के लिए सूचना पत्रक वितरित किए जाएंगे।
एयरपोर्ट मैनेजर भूपेश नेगी ने बताया कि यात्री सुविधा दिवस के माध्यम से यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव देने की दिशा में प्रयास और मजबूत होंगे।



