28 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर दिया जीवन बचाने का संदेश। (ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मंगल सिंह ने किया सर्वप्रथम रक्तदान)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डॉ. मोहित वर्मा के जन्मदिवस पर दरबार बाबा मोहित ट्रस्ट की ओर से माजरी ग्रांट स्थित दरबार परिसर में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 42 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 28 लोगों ने रक्तदान कर 28 यूनिट रक्त एकत्रित कराया।
शिविर का उद्घाटन ग्राम प्रधान माजरी ग्रांट के प्रधान प्रतिनिधि मंगल सिंह ने किया और सर्वप्रथम स्वयं रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और स्वस्थ व्यक्ति को जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। रक्त की जरूरत किसी को भी अचानक पड़ सकती है, इसलिए ऐसे आयोजनों में युवाओं और स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़नी चाहिए।
ट्रस्ट अध्यक्ष डॉ. मोहित वर्मा ने कहा कि जन्मदिवस को रक्तदान जैसे सेवा कार्य से मनाना समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देता है। उन्होंने रक्तदाताओं और चिकित्सकीय टीम का आभार जताते हुए कहा कि ट्रस्ट भविष्य में भी जनहित के कार्य करता रहेगा।
शिविर में राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय के ब्लड बैंक की टीम ने चिकित्सकीय सहयोग दिया। नव दिव्यांग सेवा संस्थान के अध्यक्ष अजय कुमार समेत आदित्य जौहर, कमल अरोड़ा, कमल सिंह राजपूत, रोहित वर्मा, सावन कुमार और चतर सिंह, विनय सूर्यवंशी ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।



