हाथी ने रौंदी दो बीघा धान की फसल, किसान को भारी नुकसान। (धरमुचक में हाथी के उत्पात से धान की फसल बर्बाद)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
धरमुचक क्षेत्र में हाथी के उत्पात से किसान की मेहनत पर पानी फिर गया। हाथी ने किसान तेजपाल की करीब दो बीघा धान की खड़ी फसल रौंदकर बर्बाद कर दी। घटना से किसान को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। धरमुचक क्षेत्र लच्छीवाला रेंज के अंतर्गत आता है।
सामाजिक कार्यकर्ता जसविंदर सिंह डाली ने वन विभाग से मौके पर पहुंचकर फसल के नुकसान का तत्काल आकलन कराने और किसान को नियमानुसार उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हाथियों के लगातार आबादी और कृषि क्षेत्रों में पहुंचने से किसानों को फसल बचाना मुश्किल हो रहा है। वन विभाग को इस दिशा में ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
क्षेत्रीय वन दरोगा सोमनाथ ने बताया कि वन विभाग की टीम को मौके पर भेजकर फसल के नुकसान का आकलन कराया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए किसान को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी।



