एसडीआरएफ ने बीएसएफ जवानों को दिया वाटर रेस्क्यू और स्कूबा डाइविंग का प्रशिक्षण, (शिवपुरी बीच पर आयोजित विशेष शिविर में 45 जवानों ने लिया हिस्सा, जल आपदाओं से निपटने की क्षमता बढ़ी)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
शिवपुरी बीच पर सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में एसडीआरएफ की ओर से बीएसएफ के जवानों के लिए विशेष वाटर रेस्क्यू एवं स्कूबा डाइविंग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में लगभग 45 बीएसएफ जवानों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान एसडीआरएफ के अनुभवी प्रशिक्षकों ने जवानों को जल आपदाओं के समय अपनाई जाने वाली विभिन्न रेस्क्यू तकनीकों की जानकारी दी। इसमें वाटर रेस्क्यू के मूल सिद्धांत, जल में व्यक्तिगत सुरक्षा उपाय, बचाव कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां तथा आपात परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया देने के तरीकों पर विशेष जोर दिया गया
इसके अलावा जवानों को स्कूबा डाइविंग का सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षकों ने स्कूबा डाइविंग उपकरणों के सही उपयोग, पानी के भीतर कार्य करने की तकनीक, सुरक्षा मानकों और आपातकालीन प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान जवानों को व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया, ताकि वे वास्तविक परिस्थितियों में जल रेस्क्यू कार्यों को प्रभावी ढंग से अंजाम दे सकें।
प्रशिक्षण में स्विमिंग, जल सुरक्षा, डूबते व्यक्ति को सुरक्षित बचाने की तकनीकें और वाटर रेस्क्यू से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं को भी शामिल किया गया। जवानों ने पूरे उत्साह के साथ प्रशिक्षण में भाग लिया और इसे अत्यंत उपयोगी व व्यवहारिक बताया। जवानों का कहना है कि इस तरह के प्रशिक्षण से भविष्य में जल आपदाओं और रेस्क्यू अभियानों के दौरान बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी।
प्रशिक्षण टीम मे
उप निरीक्षक सुरेंद्र कुमार, मातवर सिंह, आरक्षी सुमित नेगी, आरक्षी शिवम सिंह।
समन्वय में सहायक कमांडेंट विकास, निरीक्षक उत्तम नसकर (बीएसएफ) एवं निरीक्षक कविंद्र सजवान (एसडीआरएफ) मौजूद रहेI



