Blog

आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, वेतन कटौती पर उठे सवाल, (लिखित आश्वासन के बावजूद वेतन में कटौती का आरोप, पूरा वेतन जारी नहीं होने पर कर्मचारियों ने आंदोलन की चेतावनी दी)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका परिषद डोईवाला के आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों ने वेतन में कटौती का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। कर्मचारियों का कहना है कि पूर्व में हुए आंदोलन के दौरान नगर पालिका प्रशासन ने लिखित रूप से आश्वासन दिया था कि किसी भी कर्मचारी के वेतन में कटौती नहीं की जाएगी। इसके बावजूद इस माह कुछ कर्मचारियों को पूरा वेतन नहीं मिलने से उनमें रोष व्याप्त है।
कर्मचारियों का आरोप है कि अधिक छुट्टियां लेने का हवाला देकर वेतन में कटौती की गई है, जबकि यह निर्णय आंदोलन के दौरान हुए समझौते और लिखित आश्वासन के विपरीत है। उन्होंने तत्काल पूरा वेतन जारी करने और कथित वेतन कटौती वापस लेने की मांग की।

सभासद एवं श्रमिक नेता संदीप नेगी ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन और संबंधित ठेकेदार अपने ही लिखित आश्वासन से पीछे हट रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कर्मचारियों का पूरा वेतन जारी नहीं किया गया तो कर्मचारियों के साथ बैठक कर आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी। कर्मचारियों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कर्मचारियों के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि किसी भी कर्मचारी के वेतन में कोई कटौती नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि जिन कर्मचारियों का वेतन देर से आया है, उन्होंने अपना बैंक खाता विवरण निर्धारित समय के बाद उपलब्ध कराया था। इसी कारण उनके वेतन के भुगतान में विलंब हुआ है। उन्होंने कहा कि सभी पात्र कर्मचारियों का पूरा वेतन जारी किया जा रहा है और यदि किसी कर्मचारी को कोई समस्या है तो उसका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

इस दौरान सभासद प्रदीप नेगी जेटली, पूर्व सभासद हिमांशु राणा, सभासद प्रतिनिधि विनीत मनवाल सहित बड़ी संख्या में आउटसोर्स सफाई कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए नगर पालिका प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन फिर से शुरू किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button