(ग्राम कुड़कावाला के बाजावाला-तेलीवाला बस्ती में प्रशासन की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
कुड़कावाला के बाजावाला-तेलीवाला बस्ती क्षेत्र में प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए लगभग डेढ़ बीघा सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
मौके पर पाया गया कि अतिक्रमणकारियों द्वारा बिना सक्षम अनुमति के सरकारी भूमि पर पुश्ता निर्माण कर भूमि पर कब्जा किया जा रहा था। प्रशासन द्वारा मौके पर ही उक्त अवैध पुश्ते को जेसीबी की सहायता से ध्वस्त कर सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया।
यह कार्रवाई तहसीलदार डोईवाला श्री बिरम सिंह पंवार के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में राजस्व निरीक्षक श्री प्रकाशवीर, राजस्व उपनिरीक्षक श्री कुमार सिंह सैनी एवं श्री सत्यपाल सिंह, होमगार्ड जवानों तथा नगर पालिका डोईवाला की टीम का सहयोग रहा। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल द्वारा भी आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण अथवा बिना अनुमति निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



