Blog

हिंदी भावों की भाषा, साहित्य हमेशा रहता है याद। प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल (हिंदी दिवस पर पब्लिक इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों की प्रतिभा को मिला मंच, हिंदी शिक्षकों का सम्मान)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
पब्लिक इंटर कॉलेज में हिंदी दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान हुई वाद-विवाद प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने पक्ष और विपक्ष में अपने विचार दमदार तरीके से रखते हुए हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिवार के सदस्यों द्वारा साहित्यकारों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उनके स्मरण के साथ हुई। छात्रा आरूशा ने हिंदी की महत्ता पर अपने विचार रखे। वहीं सबा और वर्तिका ने कविता और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के निर्णायक शिक्षक रत्नेश द्विवेदी और अश्वनी गुप्ता रहे।

इस अवसर पर हिंदी शिक्षक अश्वनी गुप्ता, रत्नेश द्विवेदी और अनीता बलोदी को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने कहा कि हिंदी भावों की भाषा है। इसमें लिखा गया अच्छा साहित्य हमेशा लोगों के दिलों में याद रहता है। विद्यार्थियों को अपनी भाषा से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को मंच देने के लिए ऐसे कार्यक्रम जरूरी हैं।

हिंदी विभागाध्यक्ष अश्वनी गुप्ता ने बताया कि हिंदी दिवस से एक सप्ताह तक विद्यालय में विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को हिंदी से जोड़ते हुए उनकी नैसर्गिक प्रतिभा को प्रोत्साहित किया जाएगा।

इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक आलोक जोशी, भुवनेश वर्मा, ओमप्रकाश काला, विवेक बधानी, तेजवीर सिंह, अवधेश सेमवाल, राधा गुप्ता, पूजा जोशी, सुदेश सहगल, श्यामानंद, अर्चना पाल, गौरव रावत, नीलम बिष्ट, आफरीन अंसारी, प्रिया, मयंक शर्मा और चेतन प्रसाद कोठारी समेत छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button