Blog

हिम्स जौलीग्रांट में मरीजों को सुरक्षित इलाज और देखभाल के प्रति किया जागरूक। (विश्व रोगी सुरक्षा दिवस पर गैर-संचारी रोगों से बचाव, उपचार और निरंतर देखभाल की दी जानकारी)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
विश्व रोगी सुरक्षा दिवस के अवसर पर हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (हिम्स) जौलीग्रांट में नर्सिंग विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष की थीम गैर-संचारी रोगों के लिए सुरक्षित देखभाल के तहत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मरीजों और उनके तीमारदारों को सुरक्षित इलाज, रोगों से बचाव और बेहतर देखभाल के बारे में जानकारी दी गई।
हिम्स जौलीग्रांट में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में नर्सिंग अधीक्षक रीना हबील सिंह ने मरीज के पुराने स्वास्थ्य रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने, उपचार के दौरान सही देखभाल और गैर-संचारी रोगों के सुरक्षित उपचार के महत्व पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मरीज की पिछली स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपचार को बेहतर और सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। वहीं उप नर्सिंग अधीक्षक जैबुन्निसा ने विश्व रोगी सुरक्षा दिवस की इस वर्ष की थीम के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि गैर-संचारी रोगों का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में मरीजों को समय पर उपचार के साथ सुरक्षित और निरंतर देखभाल मिलना बेहद जरूरी है।
अस्पताल की संक्रमण नियंत्रण और क्वालिटी नर्स टीम ने भी रोगी सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर लोगों को जागरूक किया। अर्चना डिमरी, रविंदर, नीति और महिमा ने उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदय रोग, श्वसन संबंधी रोग और रक्त आधान से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। इसके अतिरिक्त जागरूकता चार्ट के माध्यम से इन रोगों के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और सुरक्षित देखभाल के तरीकों को सरल भाषा में समझाया गया।
कार्यक्रम के दौरान मरीजों और उनके परिजनों ने स्वास्थ्य एवं उपचार से जुड़े सवाल पूछे। नर्सिंग टीम ने उनके सवालों के जवाब देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। इस अवसर पर तृष्णा सरकार, सुनीता कुमार, सोलोमन थपलियाल ने भी रोगी सुरक्षा से संबंधित जानकारी साझा की। कार्यक्रम का संचालन क्वालिटी नर्स कविता नौटियाल और संक्रमण नियंत्रण नर्स उषा नेगी ने संयुक्त रूप से किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button