Blog

एसडीआरएफ मुख्यालय में प्रशिक्षु अधिकारियों को दिया आपदा प्रशिक्षण। (पूर्वोत्तर पुलिस अकादमी के 22 प्रशिक्षु अधिकारियों ने जाना बचाव अभियानों और आपदा प्रबंधन का तरीका)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
भारत दर्शन कार्यक्रम के तहत मेघालय स्थित पूर्वोत्तर पुलिस अकादमी से देहरादून भ्रमण पर आए 22 सदस्यीय प्रशिक्षु पुलिस अधिकारियों के दल ने गुरुवार को राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) वाहिनी मुख्यालय जौलीग्रांट का भ्रमण किया। इस दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों ने आपदा प्रबंधन और बचाव कार्यप्रणाली की बारीकियां जानीं।

सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने प्रशिक्षु अधिकारियों को एसडीआरएफ की कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण व्यवस्था और विभिन्न आपदाओं में संचालित होने वाले बचाव अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने भूकंप, बाढ़, भूस्खलन, नदी एवं पर्वतीय दुर्घटनाओं के दौरान टीमवर्क, त्वरित निर्णय और संसाधनों के प्रभावी उपयोग की प्रक्रिया समझाई।

प्रशिक्षु अधिकारियों ने एसडीआरएफ नियंत्रण कक्ष का भी भ्रमण किया। यहां उन्हें आपदा की सूचना प्राप्त होने से लेकर बचाव टीमों को रवाना करने, सूचनाओं के समन्वय और अभियान की निगरानी की प्रक्रिया के बारे में बताया गया।

प्रशिक्षु अधिकारियों ने सेनानायक अर्पण यदुवंशी का आभार जताते हुए स्मृति चिह्न भेंट किया। उन्होंने एसडीआरएफ की कार्यप्रणाली से मिली जानकारी को अपने प्रशिक्षण और भावी पुलिस सेवा के लिए उपयोगी बताया।

इस अवसर पर उपसेनानायक शुभांक रतूड़ी, सहायक सेनानायक संजय उप्रेती, निरीक्षक प्रशिक्षण प्रमोद रावत, सूबेदार मेजर जयपाल राणा सहित अन्य अधिकारी और कार्मिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button