25 लाख क्विंटल गन्ना पेराई के लक्ष्य के साथ डोईवाला चीनी मिल में बजा बिगुल। (सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने पूजा-अर्चना कर किया पेराई सत्र का शुभारंभ)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला चीनी मिल में रविवार को पेराई सत्र 2026-27 का विधिवत शुभारंभ हो गया। हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने पूजा-अर्चना हवन यज्ञ के बाद मिल में गन्ना डालकर पेराई सत्र की शुरुआत की। नए पेराई सत्र के साथ ही मिल प्रबंधन ने इस बार 25 लाख क्विंटल गन्ना पेराई का लक्ष्य निर्धारित किया है।
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि चीनी मिल क्षेत्र के किसानों की आर्थिकी का प्रमुख आधार है। किसानों की मेहनत और सहयोग से ही मिल का संचालन संभव है। उन्होंने किसानों से गन्ने की उन्नत प्रजातियों की बुवाई कर उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही मिल के सफल संचालन के लिए सभी से आपसी समन्वय बनाए रखने की अपील की।
विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि चीनी मिल का पेराई सत्र शुरू होना क्षेत्र के किसानों के लिए महत्वपूर्ण है। मिल का सुचारु संचालन और किसानों के हितों का ध्यान रखना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने किसानों, मिल अधिकारियों और कर्मचारियों को नए पेराई सत्र की शुभकामनाएं दीं।
मिल की अधिशासी निदेशक अपर्णा ढौंडियाल ने बताया कि इस सत्र में 25 लाख क्विंटल गन्ना पेराई का लक्ष्य रखा गया है। 59 गन्ना क्रय केंद्र बनाए गए हैं जिसमें डोईवाला गन्ना समिति के चार, देहरादून समिति के 21, रुड़की समिति के 22, ज्वालापुर समिति के आठ, लक्सर समिति के एक और पांवटा के तीन क्रय केंद्रों के साथ मिल गेट क्षेत्र से गन्ने की आपूर्ति होगी।
उन्होंने बताया कि पिछले पेराई सत्र में मिल ने 18.60 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की थी और चीनी रिकवरी 9.12 प्रतिशत रही थी। इस बार पिछले सत्र की तुलना में अधिक गन्ने की पेराई के साथ चीनी रिकवरी में सुधार का लक्ष्य भी रखा गया है। किसानों को उन्नत गन्ना प्रजातियों की बुवाई के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। सुरक्षित क्षेत्र में शीघ्र पकने वाली गन्ना प्रजातियों का रकबा 99 प्रतिशत तक पहुंच गया है। प्रति हेक्टेयर उत्पादन बढ़ाने के लिए खेतों की गहरी जुताई हेतु एमवी प्लाऊ और ट्रेंच विधि से बुवाई के लिए ट्रेंच ओपनर निशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अलावा कीट नियंत्रण के लिए पावर स्प्रेयर और बीज शोधन यंत्र भी किसानों को निशुल्क दिए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर, दर्जाधारी राज्य मंत्री ओमवीर सिंह राघव, प्रदेश स्तरीय गन्ना सलाहकार समिति के सदस्य सुभाष भट्ट, गन्ना समिति अध्यक्ष दिनेश चौहान, पूर्व अध्यक्ष ईश्वर चंद पाल, तेजेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, पब्लिक इंटर कॉलेज के अध्यक्ष मनोज नौटियाल, कांग्रेस प्रदेश सचिव सागर मनवाल, ताजेन्द्र सिंह,गुरदीप सिंह, पुरुषोत्तम डोभाल, दरपान बोरा, सुरेंद्र राणा, चंद्रभान पाल, सुमेरचंद रवि, अरविंद शर्मा, सुषमा चौधरी कुसुम संधू, और ताहिर अली सहित जनप्रतिनिधि, किसान तथा मिल के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



