परवादून जिला कांग्रेस की गन्ने का मूल्य 700 रूपये प्रति कुंतल घोषित करने की मांग, मुख्यमंत्री के नाम चीनी मिल अधिशासी निदेशक को सौंपा ज्ञापन (किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिले, गन्ना भुगतान में देरी बर्दाश्त नहीं। मोहित उनियाल)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला शुगर मिल के गन्ना पेराई सत्र 2026-27 के शुभारंभ के अवसर पर परवादून जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल एवं डोईवाला गन्ना समिति के पूर्व चेयरमैन मनोज नौटियाल ने गन्ना किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम डोईवाला चीनी मिल के अधिशासी निदेशक को ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सत्र के लिए गन्ने का मूल्य 700 रुपए प्रति कुंतल निर्धारित किया जाए। कहा कि पेराई सत्र शुरू होने के बावजूद सरकार द्वारा अभी तक गन्ने का मूल्य घोषित नहीं किया जाना किसानों के बीच असमंजस की स्थिति पैदा कर रहा है। खाद, बीज, सिंचाई, डीजल और मजदूरी की बढ़ती लागत ने पहले ही किसानों की आर्थिक चुनौतियां बढ़ा दी हैं।
परवादून कांग्रेस जिलाअध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि किसान पूरे वर्ष मेहनत कर गन्ने की फसल तैयार करता है, लेकिन उसे अपनी उपज का उचित मूल्य पाने के लिए भी इंतजार करना पड़ता है। सरकार तत्काल ₹700 प्रति कुंतल गन्ना मूल्य घोषित करे और यह भी सुनिश्चित करे कि किसानों को गन्ने का भुगतान समयबद्ध तरीके से मिले। हर वर्ष भुगतान में होने वाली देरी से किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
पूर्व गन्ना समिति चेयरमैन मनोज नौटियाल ने कहा कि गन्ना किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से होना चाहिए। पेराई सत्र शुरू होने से पहले ही मूल्य घोषित किया जाना चाहिए था। सरकार को किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए बिना देरी किए उचित मूल्य निर्धारित करना चाहिए।
दोनों नेताओं ने सरकार से मांग की कि गन्ना किसानों के हित में शीघ्र निर्णय लेकर ₹700 प्रति कुंतल मूल्य घोषित किया जाए तथा भुगतान की समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर गन्ना समिति पूर्व चेयरमैन ईश्वर चंद्र पाल,तजिंदर सिंह ताज,कांग्रेस मंडल अध्यक्ष तेजपाल सिंह मोंटी,हरजिंदर सिंह आदि कांग्रेसजन मौजूद रहे ।



