दही हांडी में बनखंडी ऋषिकेश का रहा दबदबा जीती ट्रॉफी और 15 हजार रुपए,, महिलाओं ने भी मारी बाजी। (गहर समाज केशवपुरी की महिलाओं ने हासिल किया दूसरा स्थान, 5100 रुपये और ट्रॉफी से सम्मानित)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की ओर से विश्व हिंदू परिषद प्रांत गौ रक्षा प्रमुख नरेश उनियाल के नेतृत्व में राजीव नगर-केशवपुरी में दही हांडी कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में श्यामपुर ऋषिकेश, भानियावाला और डोईवाला की करीब 20 टीमों ने प्रतिभाग किया। युवाओं और महिलाओं ने उत्साह के साथ मानव पिरामिड बनाकर दही हांडी फोड़ने का प्रयास किया। श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
मुख्य अतिथि राजवीर सिंह खत्री ने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें धर्म, कर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों और सनातन परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
विशिष्ट अतिथि प्रांत सह समरसता प्रमुख तेजवीर सिंह ने कहा कि दही हांडी जैसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और समरसता को मजबूत करते हैं। युवाओं की भागीदारी यह संदेश देती है कि हमारी संस्कृति और परंपराएं नई पीढ़ी में भी पूरी ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रही हैं।
विश्व हिंदू परिषद प्रांत गौ रक्षा प्रमुख नरेश उनियाल ने कहा कि दही हांडी हमारी सनातन संस्कृति और परंपराओं का गौरवपूर्ण प्रतीक है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ने के साथ उनमें एकता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना पैदा करते हैं। सनातन परंपराओं और संस्कृति के संरक्षण के लिए सभी को मिलकर आगे आना चाहिए।
विहिप जिला सत्संग प्रमुख राकेश सिंह ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण धर्म, कर्तव्य और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। दही हांडी जैसे आयोजन हमारी सनातन संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ युवाओं में एकजुटता और सामाजिक समरसता की भावना मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, अविनाश ठाकुर, भारत ठाकुर, राखी छेत्री, लक्ष्मी देवी, राजवीर, चंद्रभान, जतिन राजपूत, शुभम नौटियाल, राजा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।



