Blog

आवारा कुत्तों के आतंक पर पालिका की कार्रवाई, 10 श्वान एबीसी सेंटर रवाना, (बंध्याकरण के साथ एंटी-रेबीज टीकाकरण से लोगों को मिलेगी राहत)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका परिषद डोईवाला की ओर से आवारा श्वानों की बढ़ती संख्या और उनसे जुड़ी समस्याओं को नियंत्रित करने के लिए एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) प्रोग्राम के तहत अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को अभियान के तहत 10 श्वान पशुओं को बंध्याकरण एवं एंटी-रेबीज टीकाकरण के लिए अनुबंधित फर्म के माध्यम से एबीसी सेंटर भेजा गया।

पालिका की टीम द्वारा श्वानों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर एबीसी सेंटर पहुंचाया जा रहा है। वहां नियमानुसार उनका बंध्याकरण करने के साथ एंटी-रेबीज का टीकाकरण किया जाएगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत श्वानों को संबंधित क्षेत्रों में वापस छोड़ा जाएगा।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी एमएल शाह ने कहा कि आवारा श्वानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए एनिमल बर्थ कंट्रोल प्रोग्राम के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। बंध्याकरण और टीकाकरण के माध्यम से श्वानों की संख्या नियंत्रित करने के साथ लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पालिका की प्राथमिकता है।

मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने बताया कि अभियान के तहत सोमवार को 10 श्वानों को एबीसी सेंटर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि आगे भी अभियान को आवश्यकता के अनुसार जारी रखा जाएगा, ताकि आवारा श्वानों की संख्या पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

इस दौरान नगर पालिका के सफाई निरीक्षक संकेत सुपरवाइजर नीरज कुमार आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button