Blog

देहरादून में पोस्टर विवाद पर भड़की युवा कांग्रेस, विरोध के बाद प्रशासन ने हटवाए आपत्तिजनक पोस्टर, (अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े नामों वाले पोस्टरों को लेकर जताया आक्रोश, बेटियों के सम्मान की लड़ाई को बताया सर्वोपरि)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के देहरादून आगमन के दौरान शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए बड़े-बड़े पोस्टरों को लेकर उत्तराखंड युवा कांग्रेस ने तीखा विरोध दर्ज कराया। संगठन का कहना है कि जिन चेहरों और नामों पर अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं, उनके पोस्टर लगाकर भाजपा ने प्रदेश की जनता और खासकर बेटियों की भावनाओं को आहत किया है।
उत्तराखंड युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सावन राठौर ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए भाजपा सरकार की संवेदनहीनता पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर दिया था और आज भी जनता न्याय की मांग को लेकर संघर्ष कर रही है। ऐसे संवेदनशील समय में विवादित चेहरों के पोस्टर लगाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
सावन राठौर ने चेतावनी दी थी कि यदि पोस्टर तत्काल नहीं हटाए गए तो युवा कांग्रेस कार्यकर्ता स्वयं उनका विरोध करेंगे। विरोध के स्वर तेज होने और जनता के बढ़ते आक्रोश के बीच प्रशासन हरकत में आया और दुष्यंत गौतम से संबंधित लगाए गए सभी पोस्टरों को हटाने की कार्रवाई की गई।
युवा कांग्रेस ने इसे केवल पोस्टर हटाने की कार्रवाई नहीं, बल्कि जनता की भावनाओं और संघर्ष की जीत बताया। संगठन ने स्पष्ट कहा कि उत्तराखंड की बेटियों के सम्मान और न्याय से बड़ा कोई राजनीतिक प्रचार नहीं हो सकता।
युवा कांग्रेस ने दोहराया कि वह आगे भी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी और प्रदेश में किसी भी स्तर पर की जाने वाली असंवेदनशील राजनीति का विरोध जारी रखेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button