महिला सशक्तिकरण राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला — निशंक, (नारी शक्ति और प्राकृतिक संरक्षण का एक साथ हुआ अभिनंदन)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
स्पर्श गंगा अभियान के अंतर्गत सरस्वती विद्या मंदिर, कोटी अठुरवाला में आयोजित महिला सशक्तिकरण एवं महिला सम्मान समारोह का शुभारंभ महापुरुषों के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, स्पर्श गंगा अभियान की ब्रांड एंबेसडर आरुषि पोखरियाल निशंक तथा पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित किया।
समारोह का उद्देश्य महिलाओं को सम्मानित कर उन्हें आत्मनिर्भरता, शिक्षा और सामाजिक सहभागिता के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर 150 से अधिक महिला पर्यावरण प्रेमी को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया, जिन्होंने स्वच्छता, जल-संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है।
मुख्य अतिथि डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि महिला सशक्तिकरण किसी भी राष्ट्र के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं शिक्षित, आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनती हैं, तो परिवार, समाज और देश स्वतः सशक्त होते हैं। बेटियों को समान अवसर देने और नेतृत्व की भूमिका में आगे लाने को उन्होंने सामाजिक ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय दायित्व बताया। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को केंद्र में रखकर संचालित योजनाओं का बताते हुए कहा कि इनका उद्देश्य महिलाओं को निर्णय-प्रक्रिया में भागीदार बनाना है। उन्होंने स्पर्श गंगा अभियान को सामाजिक चेतना और सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त माध्यम भी बताया।
स्पर्श गंगा अभियान की संयोजिका आरुषि पोखरियाल निशंक ने कहा कि यह अभियान केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छता, संस्कार और महिला सम्मान की भावना को सुदृढ़ करने वाला एक व्यापक आंदोलन है। उन्होंने महिला पर्यावरण मित्रों को समाज में बदलाव की अग्रदूत बताते हुए कहा कि शिक्षा, स्वावलंबन और सम्मान से जुड़कर महिलाएं सतत विकास की दिशा में निर्णायक भूमिका निभा रही हैं।
डोईवाला पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी मातृशक्ति में निहित होती है। महिलाओं का सम्मान हमारी संस्कृति और परंपरा की पहचान है। नारी के सशक्त होने से ही समाज में संतुलन, संवेदनशीलता और संस्कार मजबूत होते हैं।
कार्यक्रम में पुरुषोत्तम डोभाल, जगत सिंह असवाल, सुरेंद्र सिंह नेगी, विनीता पेन्यूली, प्रीति थपलियाल, रीता नेगी, आशा खाती, स्वरूप सिंह नयाल, बेताल सिंह नेगी, किरन रावत, रजनी मिश्रा, सतेश्वरी रावत आदि के अलावा जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।



