यंग इंडियंस ने विद्यार्थियों को बांटी रिचार्जेबल एलईडी स्टडी लाइट्स, (डोईवाला के पब्लिक इंटर कॉलेज में कक्षा 6 से 12 तक के जरूरतमंद विद्यार्थियों को मिली अध्ययन सामग्री, शिक्षा को मिलेगा नया संबल)
ऐसे प्रयास विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में निभाते है महत्वपूर्ण भूमिका। गौरव
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
यंग इंडियंस देहरादून चैप्टर ने अपने रूरल इनिशिएटिव के तहत डोईवाला स्थित पब्लिक इंटर कॉलेज में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को रिचार्जेबल एलईडी स्टडी लाइट्स वितरित कीं। संस्था की इस पहल का उद्देश्य उन विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधा उपलब्ध कराना है, जिन्हें रात्रि के समय या बिजली की अनुपलब्धता के कारण पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सभासद गौरव मल्होत्रा ने यंग इंडियंस की इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद बच्चों को अध्ययन के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और यह पहल निश्चित रूप से उनकी शिक्षा में सकारात्मक योगदान देगी।
यंग इंडियंस देहरादून चैप्टर के एडवोकेट सिद्धार्थ वासन ने कहा कि संस्था का उद्देश्य ऐसे जरूरतमंद छात्र-छात्राओं की सहायता करना है, जो संसाधनों के अभाव में अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे नहीं बढ़ पाते। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संस्था शिक्षा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर संचालित करती रहेगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने यंग इंडियंस के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल छात्र हित में बेहद उपयोगी है। उन्होंने संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक आलोक जोशी, अश्वनी गुप्ता, अवधेश सेमवाल सहित विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



