रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा का प्रतीक। सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत (भानियावाला के वेडिंग प्वाइंट में बहनों ने हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और विधायक बृजभूषण गैरोला की कलाई पर बांधा रक्षा सूत्र)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भानियावाला स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में आयोजित कार्यक्रम में भाई-बहन के अटूट स्नेह, विश्वास और आत्मीयता की झलक देखने को मिली। क्षेत्र की बहनों ने हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर पर्व की शुभकामनाएं दीं।
पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षाबंधन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का पर्व है, जो भाई-बहन के रिश्ते को स्नेह और विश्वास के मजबूत धागे में बांधता है। उन्होंने कहा कि बहन की राखी भाई को केवल उसकी रक्षा का संकल्प नहीं दिलाती, बल्कि परिवार और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी अहसास कराती है। देश की सीमाओं पर तैनात सैनिक भी इसी भावना के साथ मातृभूमि की रक्षा का दायित्व निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे सैनिकों की बहनें और परिवार उनके प्रति गर्व और स्नेह की भावना रखते हैं। समाज में महिलाओं का सम्मान और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना भी हम सभी की जिम्मेदारी है।
विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि राखी का धागा प्रेम, विश्वास और अपनत्व का प्रतीक है। यह पर्व हमें बहनों के सम्मान और सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है।
प्रोफेसर ममता कुंवर ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पवित्र पर्व है। यह पर्व महिलाओं के सम्मान और उनकी सुरक्षा के प्रति समाज को अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश देता है।
इस दौरान पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, जिला उपाध्यक्ष विनय कंडवाल,सभासद ईश्वर रौथान, राजकुमार राज,विनय कंडवाल, राजेश कुंवर,अनीता गुरुंग, अरुण शर्मा, नीलम नेगी, रीता नेगी, विनीता पंन्युली, विक्रम नेगी, मनमोहन नौटियाल, सुनीता नौटियाल, चंद्र बल्लभ लखेडा, पवन, हौसला पवार कृष्णा तडियाल,सुनीता नौटियाल आदि के अलावा बड़ी संख्या में महिलाएं और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



