हरेला पर रामगढ़ विद्यालय में हुआ पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प, (राजाजी टाइगर रिजर्व की रामगढ़ रेंज ने आयोजित की गोष्ठी, छात्रों और अभिभावकों को किया जागरूक)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
उत्तराखंड के राजकीय पर्व हरेला के अवसर पर राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ में राजाजी टाइगर रिजर्व की रामगढ़ रेंज की ओर से पौधरोपण एवं पर्यावरण जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं ने पौधरोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
रामगढ़ रेंज की वन क्षेत्राधिकारी उर्वशी गौतम ने कहा कि हरेला उत्तराखंड की प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी प्राचीन परंपरा है। राज्य सरकार द्वारा इसे राजकीय पर्व घोषित किए जाने के बाद पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर पौधरोपण और संरक्षण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी बच्चों और अभिभावकों से अपने घर या आसपास कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल के लिए प्रोत्साहित किया I
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी ने कहा कि राजाजी टाइगर रिजर्व की ओर से विद्यालय में पौधरोपण और जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि विद्यालय पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी अभियानों में भविष्य में भी पूरा सहयोग देता रहेगा।
कार्यक्रम में डिटॉल बनेगा स्वस्थ इंडिया कार्यक्रम की डिस्ट्रिक्ट लीड एकता राणा ने भी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों एवं अभिभावकों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर बीट प्रभारी चंद्र किशोर बडोनी, सुभाष रावत, विकास थापा, अमित गुरुंग, सुरेंद्र, सुमित, आशीष नेगी, कोऑर्डिनेटर प्रियंका, सहायक अध्यापक मीना घिल्डियाल, मधुलिका, वीरेंद्र उनियाल, भोजनमाता विमला देवी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे I



