डेयरी दुकानों से पनीर के तीन नमूने जांच को भेजे। भानियावाला और रानीपोखरी में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, एनालॉग पनीर की बिक्री न करने की दी हिदायत)

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
खाद्य आयुक्त एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडे के आदेश और जिलाधिकारी देहरादून आशीष चौहान के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने भानियावाला और रानीपोखरी क्षेत्र की विभिन्न डेयरी दुकानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को शासन के आदेशों के तहत एनालॉग पनीर की बिक्री नहीं करने की हिदायत दी गई। वहीं, मेरठ और बुलंदशहर से आए पनीर की गुणवत्ता पर संदेह होने पर तीन नमूने जांच के लिए राजकीय विश्लेषक, उत्तराखंड को भेजे गए। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि एनालॉग पनीर की बिक्री रोकने के लिए लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं। संदेह के आधार पर लिए गए पनीर के नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि एनालॉग पनीर की बिक्री रोकने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।



