Blog

ढोल-नगाड़ों की थाप पर निकली गणेश शोभायात्रा, जगह-जगह विराजे गणपति। (नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में गूंजा गणपति बप्पा मोरया का जयघोष, 10 दिन तक चलेगा गणेशोत्सव)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
गणेश चतुर्थी के पर्व पर सोमवार को नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धा और उल्लास का माहौल रहा। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित कीं। इससे पहले ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच शोभायात्राएं निकाली गईं। गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

प्रेमनगर बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धालु भगवान गणेश की प्रतिमा को सजे वाहन पर लेकर शोभायात्रा में शामिल हुए। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर गणेश जी का स्वागत किया। शोभायात्रा पूजा स्थलों पर पहुंचने के बाद विधिविधान से पूजा-अर्चना और आरती कर गणेश प्रतिमाओं को विराजमान किया गया।
गणेशोत्सव के दौरान विभिन्न स्थानों पर प्रतिदिन पूजा-अर्चना, आरती और भजन-कीर्तन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

गणेश उत्सव सामान्य रूप से 10 दिनों तक चलता है और अनंत चतुर्दशी के दिन गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता है। हालांकि कई श्रद्धालु अपनी परंपरा के अनुसार एक, तीन, पांच या सात दिन बाद भी प्रतिमा का विसर्जन करते हैं।
नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक गणेश उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी शोभायात्रा और गणेश प्रतिमा स्थापना में शामिल हुए।

प्रेमनगर बाजार निवासी अनिल चौहान ने कहा कि गणेश चतुर्थी श्रद्धा और भक्ति का पर्व है। भगवान गणेश की स्थापना से क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बनता है। सभी लोगों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाना चाहिए।
इस दौरान अमित लोधी, अनीता, कुसुम चौहान, राजेश सिंगारी, कुणाल सिंगारी, कल्याण, मनीषा आदि श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button