कृष्ण जन्मोत्सव पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा एसडीआरएफ मुख्यालय। (सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने प्रतिभागियों की सराहना कर बढ़ाया मनोबल)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय जॉलीग्रांट में चार सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कृष्ण जन्म महोत्सव हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान वाहिनी मुख्यालय परिसर भक्ति और उत्साह से सराबोर रहा। अधिकारियों और जवानों ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर विधिवत जन्मोत्सव मनाया।
महोत्सव के दौरान आवासीय परिसर में निवासरत पुलिसकर्मियों के परिवारजनों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं वाहिनी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु आरक्षियों ने भी विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।
सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने बच्चों और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उपहार प्रदान किए। उन्होंने प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन वाहिनी परिवार में आपसी प्रेम, सौहार्द और एकजुटता को मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजनों से जवानों और उनके परिवारजनों के साथ बच्चों में भी उत्साह बढ़ता है तथा वे अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़े रहते हैं।
कार्यक्रम में उप सेनानायक शुभांक रतूड़ी, सहायक सेनानायक सुशील रावत, संजय उप्रेती, शिविरपाल आनंद सिंह रावत समेत वाहिनी के अधिकारी, कर्मचारी, जवान, प्रशिक्षु आरक्षी और उनके परिवारजन मौजूद रहे।



