पुराने कपड़े के थैलों से दिया प्लास्टिक-मुक्त बाजार का संदेश, (नगर पालिका परिषद डोईवाला का अभियान, दुकानदारों से सिंगल यूज़ प्लास्टिक छोड़ने की अपील)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
निदेशक शहरी विकास निदेशालय के निर्देशों के क्रम में नगर पालिका परिषद डोईवाला ने सिंगल यूज़ प्लास्टिक की रोकथाम को लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत बाजार क्षेत्र में दुकानदारों को प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने और उसके विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान में हिमालय रक्षक फाउंडेशन और स्वच्छता वाहिनियों ने मिलकर दुकानदारों से संवाद किया। पुराने कपड़ों से तैयार किए गए पर्यावरण अनुकूल थैलों को दिखाकर उन्हें प्लास्टिक की जगह इस्तेमाल करने का संदेश दिया गया। साथ ही ग्राहकों को भी कपड़े के थैले अपनाने के लिए जागरूक करने की अपील की गई।
हिमालय रक्षक फाउंडेशन से जुड़ी रिंकल गुसाईं ने कहा कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है। कपड़े के थैले टिकाऊ और सुरक्षित विकल्प हैं। सभी के सहयोग से ही प्लास्टिक-मुक्त डोईवाला संभव है।
नगर पालिका के मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने बताया कि नगर पालिका प्लास्टिक के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। नियमों के साथ जनभागीदारी जरूरी है। ऐसे प्रयासों से ही स्वच्छ और सुंदर शहर का लक्ष्य पूरा होगा।
अभियान में हिमालय रक्षक फाउंडेशन की ओर से विनिता नेगी तथा स्वच्छता वाहिनियों से पूनमतोमर, मायाधिकारी, नीरज, गौरव, सतीश सहित अन्य मौजूद रहे।



