Blog
भूमाफियाओं के हौसले बुलंद, बिना अनुमति काटे तीन फलदार हरे पेड़—विरोध पर ग्रामीण पर हमला, (जीवनवाला में रविवार देर रात की घटना, फल से लदे दो आम व एक कटहल के पेड़ काटे; पिस्तौल तानने का आरोप)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला के जीवनवाला क्षेत्र में रविवार देर रात भूमाफियाओं के बढ़ते हौसलों की एक और गंभीर घटना सामने आई। अज्ञात लोगों ने बिना किसी विभागीय अनुमति के फल से लदे तीन फलदार पेड़ों—दो पेड़ आम से लदे और एक कटहल के पेड़ को काट दिया। इस अवैध कटाई से क्षेत्र की हरियाली और बागवानी को नुकसान पहुंचा है, वहीं विरोध करने पर एक ग्रामीण पर हमला कर दहशत फैलाने का आरोप भी लगा है।

उद्यान अधिकारी श्वेता चौहान ने बताया कि मामले के संज्ञान में आते ही विभागीय टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया था। जांच में दो आम और एक कटहल का पेड़ बिना अनुमति काटे जाने की पुष्टि हुई है। नियमों के तहत आम के पेड़ों पर जुर्माना लगाया गया है और विभाग मामले पर लगातार निगरानी रखे हुए है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि बिना अनुमति फलदार पेड़ों की कटाई और विरोध करने वालों पर हमला कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। लोगों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है। लालतप्पड़ चौकी इंचार्ज के अनुसार घटना स्थल पर मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।


