Blog

राखी बांधने निकले भाई-बहन, सड़कों पर बढ़ा यातायात का दबाव, (सरकारी बसों का इंतजार करते रहे यात्री, सिटी बस और विक्रम से पूरी की यात्रा)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
रक्षाबंधन पर्व के मौके पर भाई-बहनों के आने-जाने और बाजारों में खरीदारी के चलते डोईवाला क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ा रहा। सुबह से ही प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक रही। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।

रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में लोग अपने घरों और रिश्तेदारों के यहां जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन पर निर्भर रहे। लेकिन क्षेत्र में सरकारी बस सेवा न के बराबर रही। यात्रियों के अनुसार, काफी देर इंतजार के बाद कोई सरकारी बस आती भी है तो वह कई स्थानों पर बहुत कम समय के लिए रुकती है। ऐसे में यात्रियों को बस में चढ़ने और अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

सरकारी बसों की कमी के चलते यात्रियों ने सिटी बस और विक्रम का सहारा लिया। सिटी बस और विक्रम वाहनों में यात्रियों की भीड़ दिखाई दी। कई यात्री काफी देर तक वाहनों का इंतजार करते नजर आए। पर्व के चलते डोईवाला चौक, मिल रोड, देहरादून रोड और ऋषिकेश रोड पर वाहनों का दबाव अधिक रहा।

यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए पुलिसकर्मी प्रमुख चौराहों और मार्गों पर तैनात रहे। पुलिस ने यातायात को व्यवस्थित तरीके से संचालित कराने के साथ ही जाम की स्थिति से निपटने के लिए लगातार निगरानी रखी। कई स्थानों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही, लेकिन पुलिस की सक्रियता से यातायात को सुचारु बनाए रखने का प्रयास जारी रहा।

अनीता गुप्ता और पुष्पा रावत ने कहा कि पर्व के दौरान सार्वजनिक परिवहन की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में सरकारी बसों का नियमित और पर्याप्त संचालन किया जाना जरूरी है, ताकि यात्रियों को निजी वाहनों या विक्रम और सिटी बसों पर अधिक निर्भर न रहना पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button